रांची: हॉस्टल से बाहर निकली एमबीए की छात्रा पर कुछ बदमाशों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने ब्लेड से हमला कर छात्रा को घायल कर दिया। घायल छात्रा अमीन बिहार के भागलपुर की रहने वाली है। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विद्यार्थियों ने सवाल उठाए। छात्रों का कहना था कि परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक न होने से ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। छात्राओं ने प्रबंधन से हॉस्टल को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करने की भी मांग की।
देर रात तक स्टूडेंट्स का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सूचना पर मेसरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों से बातचीत कर पूरी जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


