Jamshedpur: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के 15वें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोमवार, 29 दिसंबर 2025 को संस्थान परिसर में होने वाले इस आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह पहला अवसर होगा जब एनआईटी (NIT) जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति का आगमन हो रहा है, जिसे लेकर संस्थान और प्रशासन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रशासन और एनआईटी प्रबंधन ने लिया तैयारियों का जायजा:
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर एनआईटी (NIT) के निदेशक प्रो.गौतम सूत्रधार और जिले के उपायुक्त ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निदेशक प्रो.सूत्रधार ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधियों में भी उत्साह है।
1114 विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री:
इस वर्ष कुल 1,114 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें से 612 छात्र-छात्राएं समारोह में उपस्थित रहेंगे।
- स्नातक (UG): 417
- स्नातकोत्तर (PG): 149
- पीएचडी: 46
दो को मिलेगी मानद उपाधि:
समारोह के दौरान दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों को मानद उपाधियों से सम्मानित किया जाएगा।
- स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज (कोषाध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट) को समाज और संस्कृति में योगदान के लिए डॉक्टर ऑफ लिटरेचर।
- रबींद्र कुमार बेहरा (संस्थापक, आरएसबी समूह) को उद्योग और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की मानद उपाधि।
मेधावी छात्रों को मिलेगा राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक:
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कृष्णाशिष मंडल (एमएससी भौतिकी, 9.64 CGPA), प्रियांशु राज (बीटेक विद्युत अभियांत्रिकी, 9.52 CGPA) को राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा।
ये रहेंगे मौजूदः
इस दीक्षांत समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री समेत कई वरिष्ठ राजनेता और शिक्षाविदों की उपस्थिति अपेक्षित है। संस्थान प्रशासन के अनुसार, यह आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विजन को भी प्रतिबिंबित करेगा।
Highlights

