Sunday, July 20, 2025

Related Posts

झारखंड में मौसम का कहर : वज्रपात से दो महिलाओं की मौत, आठ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

[iprd_ads count="2"]

रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लगभग सभी जिलों में 20 और 21 जुलाई को गरज के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है। वहीं 25 जुलाई तक रांची समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाये रहेंगे और एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

सबसे बड़ी चेतावनी 23 जुलाई को दी गई है, जब राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इनमें गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार को राज्य में सबसे अधिक गोड्डा में 24 मिमी, बोकारो में 14 मिमी और रांची में एक मिमी बारिश दर्ज की गई। मॉनसून अवधि में अब तक राज्य में 627.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य वर्षापात 380.6 मिमी से लगभग 65% अधिक है।

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो

  • पूर्वी सिंहभूम में अब तक 1027.7 मिमी

  • रांची में 859.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
    जबकि राज्य में 1 जून से 30 सितंबर की मॉनसून अवधि के दौरान औसतन 1023 मिमी और पूरे वर्ष में 1440 मिमी वर्षा का रिकॉर्ड होता है।

हालांकि, कुछ जिलों में बारिश कम भी हुई है। देवघर में 4%, गोड्डा में 15% और पाकुड़ में 10% कम वर्षा दर्ज की गई है।

इधर, वज्रपात की घटनाओं में चतरा और गुमला में एक-एक महिला की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और सावधानी बरतें।