रांची: पुलिसकर्मियों में अनुशासन और शारीरिक दक्षता में सुधार के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और पुलिस इकाइयों में साप्ताहिक परेड का आयोजन अनिवार्य कर दिया है। यह परेड प्रत्येक सोमवार को आयोजित की जाएगी।
मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी जिलों, ट्रेनिंग सेंटर और संबंधित पुलिस इकाइयों के अधिकारी अपने मुख्य परेड मैदान में इसका आयोजन सुनिश्चित करेंगे। दूरदराज के थाना और अनुमंडल के पुलिसकर्मियों को भी रोस्टर के अनुसार परेड में शामिल किया जाएगा।
रांची स्थित सीआईडी, रेल और जैप के पदाधिकारी तथा पुलिसकर्मी जैप-1 डोरंडा के मैदान में निर्धारित रोस्टर के अनुसार परेड में भाग लेंगे। परेड की गुणवत्ता और नियमितता सुनिश्चित करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे।
इस निर्णय का उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना है, जो उनकी कार्यक्षमता और जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने में सहायक होगा।