मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हांथ लगी है। गुप्त सूचना मिली की मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोटरसाईकिल सवार कुछ अज्ञात अपराधकर्मी अवैध हथियार के साथ लैस होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। प्राप्त सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन में और पुलिस उपाधीक्षक, पश्चिमी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। उक्त टीम में प्रभारी, जिला आसूचना इकाई, मुजपुर एवं थानाध्यक्ष मोतीपुर की टीम को शामिल किया गया।
गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी अपराध की योजना बना रहे चार अपराधकर्मियों को मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महमुदपुर बलमी स्थित बगीचा से अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। ये गिरफ्तार अपराधी मिथिलेश कुमार यादव, बालेन्द्र कुमार, विकास कुमार और अनमोल कुमार गिरी है।
इस मामले पर मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार चारों अपराधकमियों का पूर्व में हत्या, लूट, डकैती और छिनतई का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके पास से तीन पिस्टल, 14 कारतूस, 60 पुड़िया स्मैक-27.67 ग्राम और पांच मोबाइल बरामद किया गया है। इनकी गिरफ्तारी से पश्चिमी इलाके में अपराध नियंत्रण में आसानी होगी।
संतोष कुमार की रिपोर्ट







