मधेपुरा : मधेपुरा पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है जहां कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बैटरी चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं देसी कट्टा एवं गोलियों के साथ दो बदमाशों को भी धर दबोचा है। जानकारी देते हुए मधेपुरा सदर एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने अपने कार्यालय परिसर में प्रेसवार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना मिली कि मधेपुरा सिंहेश्वर रोड पर संत अवध कॉलेज मोड के पास दो युवक अवैध हथियार से लैस होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं।
त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर बाइक सवार दो अपराधकर्मियों के पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस एवं दो मोबाइल बरामद कर धर दबोचा गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पतराहा, वार्ड-2 निवासी कैलाश बिहारी के पुत्र डेविल राय उर्फ अंकेश एवं नंदकिशोर यादव के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ ने बताया कि मधेपुरा पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए विरनिहिया, वार्ड-12 निवासी दिनेश यादव के पुत्र चंदन कुमार, अवध यादव के पुत्र विवेक कुमार एवं भर्राही, वार्ड-दो निवासी दिलीप गोस्वामी के पुत्र राजा कुमार को चोरी की बैट्रियां, पल्सर बाइक एवं चोरी के आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
रमण कुमार की रिपोर्ट







