राची: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित आवास पर शनिवार को हुई इंडी गठबंधन के प्रमुख नेताओं की बैठक में मतगणना को पारदर्शी बनाने और किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए निर्वाचन आयोग से आग्रह करने का फैसला किया गया है।
इस बात पर सहमति बनी है कि दो जून को इंडी गठबंधन के प्रमुख नेता दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर उन्हें पत्र सौंपेंगे।
ज्ञापन में मुख्य रूप से आयोग से बैलेट पेपर की गणना पहले कराने की मांग की जाएगी, ताकि किसी तरह के घालमेल की गुंजाइश न रहे।
इसके अलावा मतगणना के दौरान पावर कट को हर हाल में रोकने और फॉर्म 17-सी का मिलान सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया जाएगा।
इंडी गठबंधन के प्रमुख नेताओं की इस बैठक में झारखंड व झामुमो की ओर से मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और कल्पना सोरेन शामिल हुई। बैठक में झारखंड से गठबंधन को मिलनेवाली सीटों का भी आकलन किया गया।
चंपाई सोरेन और झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन ने राज्य में गठबंधन को 8 से 9 सीटें मिलने की संभावना जताई है।







