रांचीः झारखंड हाई कोर्ट में पूर्व डीजीपी डीके पांडेय की पत्नी पूनम पांडेय से जुड़े जमीन विवाद मामले में जस्टिस राजेश शंकर की अदालत में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाए जाने की मांग की गई. अदालत ने इस संबंध में प्रार्थी को आवेदन दाखिल करने का निर्देश दिया, अब इस पर 21अक्टूबर को सुनवाई होगी.
बता दें कि कांके अंचल के चामा मौजा में डीके पांडेय ने अपनी पत्नी पूनम पांडेय के नाम से 50 डिसमिल जमीन खरीदी थी. इस मामले में कांके के अंचलाधिकारी ने नोटिस जारी कर पूछा था कि क्यों नहीं जमीन की जमाबंदी रद कर दी जाए. इस नोटिस को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी. पूर्व में अदालत ने प्रार्थी के खिलाफ किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं करने और जमीन पर बने निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश पर रोक लगा दी थी.


















