रांची : झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालात को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 26 अप्रैल से सभी सरकारी, निजी एवं अल्पसंख्यक स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार, केजी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक, जबकि नवमीं से बारहवीं तक की कक्षाएं सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। यह फैसला विद्यार्थियों को गर्मी और लू से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
इन जिलों में सबसे अधिक तापमान
गुरुवार को जमशेदपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अन्य जिलों में भी हालात कम विकराल नहीं हैं:
डाल्टनगंज: 43.0°C
चाईबासा: 42.9°C
बोकारो: 42.1°C
गढ़वा और गोड्डा: 40.6°C
पाकुड़: 40.8°C
रांची: 38.4°C
मौसम में जल्द बदलाव, मिलेगी राहत
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 26 अप्रैल से झारखंड में मौसम करवट लेगा। उत्तरी बांग्लादेश और उत्तर-पूर्वी असम के ऊपर बन रहे एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और छत्तीसगढ़ से मन्नार की खाड़ी तक फैली टर्फ लाइन के कारण 26 से 29 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है।
विशेषकर 27 और 28 अप्रैल को रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला जैसे जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात हो सकता है। इससे तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है।
हालांकि राहत अस्थायी होगी क्योंकि मई के पहले सप्ताह से फिर से तापमान में वृद्धि और गर्मी का असर बढ़ने का अनुमान है।
Highlights







