Ranchi: झारखंड स्टेट स्टूडेंट एसोसिएशन (JSSA) का एक प्रतिनिधि मंडल आज राज्यपाल संतोष गंगवार से मिला और JPSC फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) सहित CDPO परीक्षा रिजल्ट प्रकाशित होने में हो रही देरी को लेकर अपना पक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इस मुद्दे पर त्वरित हस्तक्षेप कर परिणाम प्रकाशित कराने की दिशा में पहल की जाए।
राज्यपाल से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकातः
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान छात्र संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि परिणाम न आने से हजारों अभ्यर्थी परेशान हैं और उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि राज्यपाल इस मामले को संज्ञान में लें और JPSC को आवश्यक निर्देश दिलवाएं।
छात्र संघ ने उठाई छात्रों की आवाजः
मुलाकात के बाद झारखंड स्टेट स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यनारायण शुक्ला और महासचिव प्रकाश कुमार ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल से विशेष आग्रह किया कि JPSC द्वारा FSO और CDPO परीक्षा परिणाम जल्द से जल्द प्रकाशित कराया जाए। राज्यपाल ने आश्वासन दिया है कि मुख्यमंत्री का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित कराया जाएगा। छात्र संघ ने कहा कि वे लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं ताकि अभ्यर्थियों को जल्द न्याय मिल सके।
अभ्यर्थियों को जल्द समाधान की उम्मीदः
राज्यपाल द्वारा मामले पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही परिणाम जारी किए जाएंगे और चयन प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
रिपोर्टः सौरभ सिंह
Highlights


