बेतिया : बेतिया जिले के लौरिया नगर पंचायत क्षेत्र में यूनियन बैंक के सामने गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक मीट दुकान पर छोटे रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़कने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में दुकानदार सहित आसपास मौजूद ग्राहक और राहगीर मिलाकर कुल 11 लोग झुलस गए। धमाके के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों एवं पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौरिया पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने बताया कि सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया है।
घायलों में 6 साल की बच्ची समेत 11 लोग शामिल हैं
घायलों में गोविंद राय, विनय कुमार शुक्ला, गुलाब पटेल, प्रेमनाथ कुमार, बेबी कुमारी, सीता देवी और एक छह वर्षीय बच्ची सहित 11 लोग शामिल हैं। सभी की स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, सीओ नितेश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और हालात की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें – CO नितेश कुमार सेठ
सीओ नितेश कुमार सेठ ने व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने अस्पताल के आसपास सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की, ताकि एंबुलेंस के आवागमन में बाधा न हो। प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।


यह भी पढ़े : गयाजी एयरपोर्ट पर तैनात CISF जवान की हरियाणा पुलिस कस्टडी में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या आरोप
दीपक कुमार की रिपोर्ट
Highlights


