रांची: अरगोड़ा थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ तस्कर याकूब अंसारी उर्फ कल्लू (55 वर्ष) को अशोक नगर रगेट नंबरसा चार के पास से गिरफ्तार किया है.
उसके पास से 30 पुड़िया (2.34 ग्राम) ब्राउन शुगर और एक मोबाइल बरामद हुआ है. वह रंगदारी मामले में ए पहले जेल जा चुका है वह मूल रूप से लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कलाल टोली का निवासी है. वर्तमान में कडरू के बड़ा मदरसा के समीप किराये के मकान में रह रहा था.
यह जानकारी सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि युवा व स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों को ब्राउन शुगर बेचता था.
अमूमन चार से पांच सौ रुपये में ब्राउन शुगर की एक पुड़िया बेची जाती है. लेकिन, जिसे अधिक तलब होती है, उससे हजार से 1500 रुपये तक भी लिये जाते हैं.
सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोकनगर गेट नंबर चार के पास अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री की जा रही है. सूचना के बाद हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया.
इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंच तक उसे गिरफ्तार किया. सिटी एसपी ने कहा कि अक्तूबर महीने के अंत में ब्राउन शुगर खरीदने-बेचने को लेकर राजधानी के सभी डीएसपी के नेतृत्व में अलग-अलग एसआइटी बनायी गयी है. छापेमारी टीम में अरगोड़ा थाना प्रभारी बृज कुमार, अनिमेष शांतिकारी, संजय यादव, आकाश कुमार आदि शामिल थे.







