रांची: अक्षय तृतीया को लेकर रांची समेत देशभर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। इस बार यह पर्व 30 अप्रैल, बुधवार को मनाया जाएगा, जिसे धन, सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि लोग इस दिन डिलीवरी लेने के लिए अभी से जमकर बुकिंग करा रहे हैं।
शहर के ज्वेलरी बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ती जा रही है। देर रात तक जेवरों की दुकानें खुल रही हैं। सोना-चांदी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार, इस बार कीमती धातुओं के दाम ऊंचे होने के बावजूद लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह है। समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष अक्षय तृतीया पर बिक्री में पिछले साल की तुलना में 25 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
श्री अलंकार ज्वेलर्स के यश गुप्ता ने बताया कि लोगों में बुकिंग को लेकर जबरदस्त जोश है, वहीं मयंक आर्या ने कहा कि सोने की कीमतें अधिक होने के कारण हल्के वजन के गहनों की मांग अधिक है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी तेजी देखी जा रही है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के स्टोर मैनेजर रंधीर कुमार वर्मा के अनुसार, बड़ी साइज के टीवी, साइड बाई साइड रेफ्रिजरेटर, फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन और स्मार्ट एआई एसी की जोरदार मांग है। मई में गृह प्रवेश और शादियों को देखते हुए ग्राहक अक्षय तृतीया पर डिलीवरी चाहते हैं।
वाहनों की खरीदारी में भी खासा उत्साह है। प्रेमसंस होंडा और बजाज के संचालक पंकज कुमार पोद्दार ने बताया कि सभी मॉडल रेडी स्टॉक में उपलब्ध हैं और बुकिंग का सिलसिला पिछले 10 दिनों से जारी है। शोरूम देर रात तक खुले हैं और ग्राहक सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है।
पंडितों और ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, अक्षय तृतीया का दिन नए कार्यों की शुरुआत, उद्योग, वाहन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स व संपत्ति की खरीद के लिए बेहद शुभ होता है। इसलिए इस अवसर पर ग्राहक बड़े पैमाने पर निवेश करना पसंद करते हैं।







