बौद्ध भिक्षु के वेष में थी चीनी महिला मिस सोंग शियाओलन
दलाई लामा का कालचक्र मैदान में आज से तीन दिवसीय प्रवचन शुरू
गया : दलाई लामा की जासूसी- बोधगया के कालचक्र मैदान के पास से गुरुवार की शाम पुलिस ने एक चीनी महिला को हिरासत में लिया है. महिला का नाम मिस सोंग शियाओलन है. वो बौद्ध भिक्षु के वेष में थी. बताया जा रहा है कि वह साल 2019 से ही बोधगया में है. बीच में वह नेपाल भी गई थी. वह चीन में वॉलियंटर के रूप में काम करती थी. पकड़े जाने के बाद बोधगया थाने में उससे पुलिस पूछताछ कर रही है.
दलाई लामा की जासूसी: महिला से पूछताछ कर रही पुलिस
महिला से पूछताछ के बाद पुलिस इस संबंध में और जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दे सकती है. इसकी पुष्टि एडीजी (मुख्यालय) जेएस गंगवार ने की. उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस ने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को कथित धमकी के सिलसिले में बोधगया में संदिग्ध (चीनी) महिला को हिरासत में लिया है. महिला से पूछताछ की जा रही है.

कालचक्र मैदान के पास से पकड़ी गई महिला
दलाई लामा का कालचक्र मैदान में आज से ही तीन दिवसीय प्रवचन शुरू हुआ है. सबसे बड़ी बात है कि चीनी महिला को भी यहीं से गिरफ्तार किया गया है. गुरुवार की सुबह जैसे ही महिला के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी तो सबसे पहले स्केच जारी किया गया. तुरंत पुलिस की टीम बनाई गई और महिला की तलाश शुरू कर दी गई. अलग-अलग जगहों पर उसकी तलाश हो रही थी. देर शाम जाकर महिला को कालचक्र मैदान के पास से पकड़ा गया.
तीन दिवसीय प्रवचन में दो लाख बौद्ध श्रद्धालुओं के आने की संभावना
दरअसल, दलाई लामा एक महीने के प्रवास पर हैं. बोधगया में ही वह रहेंगे. उनके कार्यक्रम में 50 से अधिक देशों से करीब दो लाख बौद्ध श्रद्धालुओं के की आने संभावना है. महिला के बारे में यह जानकारी सामने आई थी कि वह दलाई लामा की जासूसी करने में थी. प्रवचन कार्यक्रम के पहले दिन ही गुरुवार की सुबह यह खबर सामने आई तो हड़कंप मच गया. सूचना के बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से अलर्ट भी जारी किया गया था. अब महिला के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है. फिलहाल पूछताछ के बाद सब कुछ सामने आ पाएगा कि पूरा मामला क्या है.
दलाई लामा की जासूसी: चीनी महिला के बारे में दी गई थी ये जानकारी
गया की एसएसपी हरप्रीत कौर और पुलिस ने महिला का स्केच जारी कर लोगों से भी कहा था कि जैसे ही इसके बारे में कुछ पता चले तो वे इसकी जानकारी पुलिस को दें. पुलिस ने नंबर भी जारी किया था. स्केच के अलावा पुलिस ने चीनी महिला का पासपोर्ट नंबर भी जारी किया था. उसका वीजा नंबर 901BAAB2J है जबकि PP No- EH2722976 है. पहले ही बताया गया था कि महिला बौद्ध भिक्षु के रूप में बोधगया पहुंची है. बौद्ध भिक्षु के वेष में ही उसे पकड़ा गया है. बता दें कि दलाई लामा 22 दिसंबर को बोधगया पहुंचे थे.
Highlights







