पटना : बिहार की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री नीतीश सरकार आज यानी शुक्रवार को बड़ी सौगात दे दी है। पटना में आज संकल्प एक अणे मार्ग स्थित कार्यक्रम स्थल पर एक अहम आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 10 लाख रुपए महिला लाभुकों के खातों में 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि अंतरित की जाएगी। कुल मिलाकर एक हजार करोड़ रुपए की राशि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। यह कार्यक्रम 11:30 बजे शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में बिहार के हर जिले के जिलाधिकारी के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं व अधिकारियों की उपस्थिति मौजूद है।
CM नीतीश के साथ, डिप्टी सीएम व मंत्री के अलावा कई अधिकारी मौजूद हैं
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार के उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री सम्राट चौधरी शामिल हैं। साथ ही जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने किया। नीतीश सरकार ने बार-बार यह दोहराया है कि राज्य की हर महिला को मजबूत, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। नीतिश सरकार के अनुसार, इस लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास है।

‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 लाख महिला लाभुकों को 10-10 हजार की राशि भेजी
सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10 लाख महिला लाभुकों को 10-10 हजार रुपए की राशि भेजी। इस तरह 10 हजार प्रति लाभुक के हिसाब से एक हजार करोड़ रुपए की राशि आज डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है।
CM नीतीश ने साबित कर दिया कि चुनाव के बाद भी अपने वादों पर सरकार कायम है
इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंत्री विजय कुमार चौधरी भी रहे। इस योजना के तहत अब तक एक करोड़ 40 लाख महिलाओं को राशि भेजी जा चुकी है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यह पहली किस्त है। नीतीश कुमार ने साबित कर दिया कि चुनाव के बाद भी अपने वादों पर सरकार कायम है और बिहार के विकास के लिए काम किया जाता रहेगा। अबतक सरकार ने सात किस्तों का ट्रांसफर किया है। 14 दिसंबर तक सभी पात्र महिलाओं को भुगतान सुनिश्चित की जाएगी।

महिला ने बताया योजना का लाभ
वहीं छह महीने के बाद समीक्षा कर इन पैसों से रोजगार शुरू करने वाली महिलाओं को दो लाख रुपए तक की और मदद की जाएगी। इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़कर पश्चिम चंपारण की महिला ने सीएम नीतीश से कहा कि हम लोगों को बहुत खुशी है कि आप फिर से हम लोगों के बीच में आए हैं। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ से हम लोगों को 10 हजार मिला है। हमने किराने की दुकान खोली है। इससे हम लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। बेटी मैट्रिक में फर्स्ट आई तो उसे भी 10 हजार मिला, वो भी खुश है। उस पैसे से उसको कंप्यूटर कोर्स करा रहे हैं।
महिला फूलन कुमारी ने नीतीश कुमार से कहा- आप जीतकर फिर से आए इसलिए हम लोग बहुत खुश हैं
भागलपुर की एक महिला फूलन कुमारी ने नीतीश कुमार से कहा कि आप जीतकर फिर से आए इसलिए हम लोग बहुत खुश हैं। आपके नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। आप ही के नेतृत्व में हम लोग सशक्त हुए। महिलाएं घर से बाहर निकल रही हैं। जब हम जीविका से जुड़े तो घर से बाहर निकलने लगे। मुझे 10 हजार रुपए मिला और कुछ जीविका से लिया, इससे कपड़े की दुकान खोली। आपने कहा है कि दो लाख रुपए और मिलेगा उसे भी दुकान में लगाऊंगी।

जीविका समूह से जुड़ने के बाद मेरे जीवन में काफी बदलाव आया है – फूल देवी
‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की लाभार्थी फूल देवी जो दरभंगा जिले की रहने वाली हैं और प्रगति जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदी हैं, वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ी हुई थीं। फूल देवी ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीविका समूह से जुड़ने के बाद मेरे जीवन में काफी बदलाव आया है। इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हैं। फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देते हैं। जब हमारे खाते में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10 हजार रुपए की राशि आई, तो इससे हमें काफी फायदा हुआ। रकम प्राप्त होते ही हमने सिलाई मशीन खरीदकर अपना रोजगार शुरू किया। इससे हमारे घर की जरूरतें पूरी होने लगी हैं। यदि योजना से आगे और सहायता मिलती है, तो एक सिलाई सेंटर खोलकर अन्य जीविका दीदियों को अपने यहां रोजगार भी देना चाहती हूं। 125 यूनिट बिजली फ्री करने, नल-जल योजना लागू करने से सभी लोग काफी खुश हैं। पोशाक योजना, साइकिल योजना का लाभ हमारी बेटियां उठा रही हैं और आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना की राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी गई है
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना की राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी गई है जिससे मेरे सास-ससुर को काफी फायदा हो रहा है। महिलाओं की तरक्की के लिए आपने जो काम किया है उसके लिए हम सभी महिलाएं आपकी आभारी हैं। इस अवसर पर ‘महिला रोजगार योजना’ पर आधारित एक लघु फिल्म की प्रस्तुति की।

CM नीतीश के साथ कई मंत्री व अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त डॉ. एस सिद्धार्थ, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे। जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण, सभी जिलों के जिलाधिकारी, लाभार्थी एवं गणमान्य व्यक्ति जुड़े हुए थे।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहली किस्त होगी जारी, CM नीतीश करेंगे 10-10 हजार ट्रांसफर
स्नेहा राय की रिपोर्ट
Highlights


