Patna: शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सात निश्चय-3 के तहत राज्य में स्थापित होने वाले मॉडल स्कूलों में एकरूपता बनाये रखने का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया है। उन्होंने मंगलवार को विभागीय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उक्त आदेश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के कार्यों की प्रगति की व्यापक समीक्षा की।
आधार सीडिंग, स्वच्छ शौचालय और पेयजल पर विशेष फोकस
अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूलों की संरचना एवं गुणवत्ता में किसी प्रकार की विसंगति स्वीकार्य नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने विद्यालयों में खेल-कूद सामग्री, पाठ्य-पुस्तकें एवं सेनेटरी नैपकीन की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत आधार सीडिंग, स्वच्छ शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, वृक्षारोपण तथा गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी पहलू विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं विद्यालयी वातावरण को बेहतर बनाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विद्यालय निरीक्षण के संदर्भ में शिक्षा मंत्री ने निर्देशित किया कि निरीक्षण विहित प्रपत्र में गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिसमें स्वच्छता, उपस्थिति, भौतिक संरचना की प्रगति एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षण व्यवस्था को प्रमुख अवयव के रूप में शामिल किया जाए। उन्होंने बेहतर कार्य निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों की सराहना भी की।
बैठक में अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्दर, निदेशक प्राथमिक शिक्षा विक्रम विरकर, निदेशक मध्याह्न भोजन विनायक मिश्र, निदेशक प्रशासन मनोरंजन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक और जिला शिक्षा पदाधिकारी शामिल हुए।
Highlights







