सामूहिक दुष्कर्म मामले में अब तक 9 गिरफ्तार
लोहरदगा : नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले पर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले पर भंडरा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार तिवारी ने बताया कि लड़की अपने रिश्तेदार के यहां आई थी. वहां से लौटने के दौरान अपने बॉयफ्रेंड के साथ थी. साथ में उसके बॉयफ्रेंड का दोस्त भी था. काफी देर इधर-उधर वे लोग साथ घूमे. देर शाम करीब आठ से नौ बजे के बीच उसका बॉयफ्रेंड उसे चिरगू स्कूल की बिल्डिंग के पास झाड़ी में ले गया. वहां उसके साथ बलात्कार किया गया.
इसी दौरान आसपास के कुछ और लड़के जमा हो गए और उन्होंने भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. इससे पहले लड़की की एक सहेली भी उसके साथ थी जो गांव पहुंच चुकी थी. घर नहीं लौटने पर उसने परिवार वालों को बताया कि वह उस लड़के के साथ थी. परिजन और ग्रामीण ढूंढते हुए पहुंचे तो लड़कों को उसके साथ दुष्कर्म करते देख लिया. उसके बाद एक आरोपी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया जिसकी जमकर पिटाई की गई. पुलिस ने इस लड़के का भंडरा अस्पताल में इलाज कराया. वहीं लड़की का मेडिकल टेस्ट कराया गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि 18 जनवरी को लड़की और उसके परिजनों ने थाने में आकर पूरे मामले की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है. अभी तक नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. थाना प्रभारी ने बताया कि जैसे-जैसे अनुसंधान में नाम आएंगे बांकी आरोपी भी गिरफ्त में आते जाएंगे. इस वारदात में दो-तीन और लड़कों के शामिल होने का अंदेशा है. इस वारदात से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है.
19 जनवरी को भाजपा नेत्री गंगोत्री कुजूर, बालकृष्णा सिंह सहित कई नेता पीड़िता के घर पहुंचे. इन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध खासकर लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए हेमंत
सरकार पर जमकर हमला बोला है.
रिपोर्ट : दानिश


