रांची: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्यकर्मियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना एक महीने में लागू हो जाएगी। इसकी प्रक्रिया चल रही है। यह सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है ।
सरकार कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पांच से 10 लाख रूपय तक का स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने जा रही है। इसके लिए बीमा एजेंसी के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
बन्ना गुप्ता शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र में झामुमो विधायक समीर मोहंती के सवाल का जवाब दे रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा किइस योजना में पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया जाना है।
मरीजों को एयर लिफ्ट करने का भी प्रावधान होगा। इस पर स्पीकर रबींद्र नाथ महतो ने कहा कि सरकार जब यह योजना लागू करे तो विधानसभा के सदस्यों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए।
समीर मोहंती ने कहा था कि राज्यकर्मियों व सेवानिवृत्त कर्मियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उस पर होने वाले खर्च की भरपाई से संबंधित आदेश 31 जुलाई 2023 को जारी किया गया था।
इसके मुताबिक कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपए सालाना बीमा उपलब्ध कराया जाना था।
इस आदेश के बाद कर्मचारियों ने संबंधित पोर्टल पर आवेदन भी किया, लेकिन अब तक उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। हालत यह है कि कर्मचारी दूसरा स्वास्थ्य बीमा करा रहे हैं।
इसलिए उन्हें जल्दी ही इस योजना का लाभ मिलना चाहिए। विधायक बिनोद सिंह ने भी मोहंती का समर्थन किया। उन्होंने कहा-यह बड़ी योजना है, लेकिन इसमें देर हो रही है। करीब 10 साल पहले हेमंत सरकार में ही इसका प्रारूप तैयार किया गया था। फिर यह ठंडे बस्ते में चली गई। इसलिए सरकार इसे जल्द लागू करे।




