हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के मेदनीमल पोखरा मोहल्ला में घर में अकेले रह रहे एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। मंगलवार को युवक सुमन कुमार का शव उसके अपने घर से बेड पर पड़ा हुआ मिला। उसकी हत्या सिर में गोली मार कर की गयी है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ राघव दयाल भी मौके पर पहुंच गये। फिलहाल पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के मेदनीमल पोखरा मोहल्ला का सुमन कुमार घर में अकेला ही था। उसकी पत्नी मायके गयी हुई है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह में पड़ोस का एक बच्चा खाना लेकर आया था. बच्चे ने काफी देर तक आवाज लगायी लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं मिलने पर वह खाना का टिफीन बालकोनी में ही रख कर चला गया। शाम लगभग चार बजे के आसपास पड़ोसी घर में गये तो सुमन कुमार का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा देखा।
युवक की शव मिलने की सूचना पर वहां आसपास के लोग जुट गये। घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गयी और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ राघव दयाल भी मौके पर पहुंच गये।







