गया : नक्सली प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के विरोध में भाकपा माओवादी ने आज भारत बंद का आह्वान किया है. जिसका व्यापक असर गया में देखने को मिला है. गया के इमामगंज, मैगरा व डुमरिया में दुकानें बंद है. वहीं सड़कों पर गाड़ियों का आवागमन भी बंद है. भारत बंद के बावजूद यात्री बस स्टैंड पहुंचे लेकिन बंदी के कारण एक भी बसें नहीं चली. बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा हुआ है. गया के सड़कों पर छिटपुट बाइक व ऑटो देखने को मिला. ज्यादातर इलाकों में नक्सलियों के द्वारा भारत बंद के कारण लोग घरों में ही दुबके हुए हैं.

बता दें कि नक्सली प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के विरोध में भाकपा माओवादी संगठन ने शनिवार (20 नवंबर) को भारत बंद का अह्वान किया है. इससे पहले 15 से 19 नवंबर तक माओवादियों ने 5 दिनों तक प्रतिरोध दिवस मनाया. संगठन के बिहार, झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सीमांत रीजनल कमेटी भाकपा माओवादी ने मैगरा थाना क्षेत्र के कई जगहों पर पोस्टर भी चिपकाया है.
पोस्टर में माओवादी नेता किसान दा, प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी सहित छह लोगों को रिहा करने की मांग की है. वहीं गढ़चिरौली में 26 नक्सलियों के हुए नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाने की बात लिखी है.
रिपोर्ट : राममूर्ति पाठक
गुमला : नक्सलियों का तांडव, कुंजाम पाठ में 27 वाहनों को किया आग के हवाले







