रांची: युवती के संदिग्ध मौत मामले में लोअर बाजार थाना में तीन के विरुद्ध हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज हुई है। गुमला घाघरा की रहने वाली रंथी कुमारी तिग्गा ने अपनी भतीजी राजपति की हत्या का आरोप लगाते हुए अनिता तिवारी, प्रिंस कुमार तिवारी और अनुप्रिया तिवारी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोप है कि बासुदेव नगर कांटाटोली की रहने वाली अनिता तिवारी की बेटी अनुप्रिया तिवारी से उनकी भतीजी राजपति की मुलाकात कार्तिक उरांव कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। कुछ दिन बाद दोनों में दोस्ती हो गई।
अनुप्रिया ने राजपति को कहा कि उसकी मां की तबियत खराब रहती है। उसकी देखभाल करने व उसके घर के काम में हाथ बंटाने के लिए तुम साथ रहो। राजपति राजी हो गई। दो साल तक सब कुछ ठीक चला।
लेकिन उसके बाद उन लोगों का राजपति के प्रति व्यवहार बदल गया और उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। राजपति ने इसकी जानकारी अपने चाचा सत्येंद्र भगत को 20 जनवरी को दी थी।
उसने कहा था ये लोग अच्छे इंसान नहीं हैं। फिर वह अनुप्रिया के घर से वापस अपने चाचा के घर आ गई थी। लेकिन अगले ही दिन अनुप्रिया के भाई प्रिंस तिवारी ने उसे बार-बार फोन कर वापस घर बुला लिया।




