रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 122वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल भारत की सैन्य शक्ति को दुनिया के सामने रखा, बल्कि यह बदलते भारत की पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में भारतीय सेनाओं ने जिस सटीकता और साहस का प्रदर्शन किया, उसने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।
पीएम मोदी ने साझा किया कि इस मिशन ने देशवासियों के मन में देशभक्ति का जोश भर दिया है। उन्होंने बताया कि बिहार के कटिहार और यूपी के कुशीनगर जैसे कई शहरों में उस दौरान जन्मे बच्चों का नाम ‘सिंदूर’ रखा गया, जो इस मिशन से जुड़ाव का एक भावनात्मक प्रतीक है। कई लोगों ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन में भारत निर्मित हथियारों और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही और यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम था। साथ ही उन्होंने इस बात की सराहना की कि देशभर में युवाओं ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, देश में पर्यटन और भारतीय शिल्पकारों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया है।
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गांव काटेजरी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पहली बार बस पहुंची, जिसे ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया। यह संकेत है कि अब माओवादी क्षेत्रों में विकास की रोशनी फैल रही है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शिक्षा में आई क्रांतिकारी सुधार की भी प्रशंसा की, जहां दसवीं बोर्ड परीक्षा में जिले ने लगभग 95% रिजल्ट दर्ज कर टॉप किया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने गुजरात के गिर क्षेत्र में शेरों की संख्या बढ़ने को संरक्षण का सकारात्मक उदाहरण बताया। 5 वर्षों में यह संख्या 674 से बढ़कर 891 तक पहुंची है।
उत्तराखंड के जीवन जोशी, सिक्किम के डॉ. चेवांग नोबू भूटिया और तेलंगाना की ड्रोन दीदी जैसी प्रेरणादायक कहानियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे आम नागरिक असाधारण कार्य कर रहे हैं।
मन की बात में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और आयुष प्रणाली के वैश्विक विस्तार पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सीबीएसई के ‘शुगर बोर्ड’ अभियान का जिक्र करते हुए बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता लाने के प्रयासों की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने आह्वान किया कि भारत को आत्मनिर्भर और शक्तिशाली बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और जनभागीदारी को अपनाना होगा।







