बोकारो : सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के रिहायसी लोहांचल कॉलोनी के प्लाट संख्या 25 का ताला तोड़कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. उक्त आवास इलेक्ट्रो स्टील कंपनी में कार्यरत इंजीनियर नितिन तिवारी की है. वो कुछ दिन पहले पत्नी के साथ गोवा प्रवास पर थे.
गोवा से शनिवार शाम बोकारो लौट कर अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे पर लगे ग्रिल का ताला टूटा हुआ था. अंदर घुसने पर पता चला कि घर के अंदर लगे छह दरवाजे का ताला तोड़कर तमाम अलमीरा, गोदरेज व दीवान को बुरी तरीके से खंगाला गया है. जल्दबाजी में चोरी हुए सामानों का आकलन किया गया, तो शुरुआती आकलन में यह पता चला कि लगभग दस लाख रुपए मूल्य के जेवरात व अन्य सामान की चोरी हो चुकी है. चोरी का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है.
सूचना देने के बाद सेक्टर 12 थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया. परंतु घटनास्थल से पुलिस को अबतक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाई है. उन्होंने कहा कि घटना हुई है, शुरुआती जांच में ये तथ्य सामने आए हैं कि किसी जानने वाले ने घटना को अंजाम दिया है. उसे चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है. जल्द ही घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ लिया जायेगा.
रिपोर्ट: चुमन


