Palamu- भाजपा के प्र.का.स. सदस्य सह किसान ब्रिगेड के संरक्षक कर्नल संजय सिंह के जपला आवास पर सामूहिक रक्षाबंधन का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर सिंघना, बरवाडी, बभंडी, बरेवा, नोखिला, लोहरपुरवा, कोठीला गांवों से आयी बहनों ने कर्नल संजय सिंह की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध कर सामाजिक समरसता का परिचय दिया. साथ ही महिला सशक्तिकरण, स्वालंबन, शिक्षा, सामाजिक कुप्रथा जैसे विषयों पर चर्चा की गयी. सभी बहनों ने कर्नल संजय सिंह को समाज में मौजूद ऊंच-नीच की भावना और जाति प्रथा को समाप्त करने के लिए इसी प्रकार सक्रिय रहने का आशीर्वाद दिया.

सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम के बाद कर्नल संजय सिंह ने सभी बहनों को विदाई में तिरंगा झंडा देकर विदा किया. बहनों ने एक स्वर से भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाये. बहनों को संबोधित करते हुए कर्नल संजय सिंह ने कहा कि रक्षा बंधन महिलाओं के विरुद्ध अत्याचार और शोषण को दूर करने के लिए संकल्प लेने का दिन है.







