रांची में एलपीजी सिलिंडर की कमी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन सख्त। अब दो बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल जरूरी, 2-3 दिन में होम डिलिवरी सुनिश्चित होगी।
Ranchi LPG Supply News रांची: रांची में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों और गैस एजेंसियों के बाहर लग रही लंबी कतारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने की पहल शुरू कर दी है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सोमवार को एसडीओ कुमार रजत ने पेट्रोलियम कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ ऑनलाइन बैठक कर गैस वितरण की स्थिति की समीक्षा की।
Ranchi LPG Supply News:गैस बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल जरूरी
बैठक में निर्णय लिया गया कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर की दो बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिनों का अंतराल होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही यह भी तय किया गया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग करने के दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलिवरी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को एजेंसियों के बाहर लंबी कतार में खड़ा न होना पड़े।
Key Highlights
रांची में गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने की समीक्षा बैठक
घरेलू एलपीजी की दो बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल अनिवार्य
बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलिवरी सुनिश्चित करने का निर्णय
बिना बुकिंग पांच और दो किलो के सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी
Ranchi LPG Supply News:बिना बुकिंग छोटे सिलिंडर मिलेंगे
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना बुकिंग के पांच किलो और दो किलो के छोटे सिलिंडर आसानी से उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा गैस कंपनियों को टोल फ्री नंबर जारी करने का निर्देश दिया गया है, जिस पर हमेशा एक कर्मचारी मौजूद रहेगा, ताकि उपभोक्ता फोन पर गैस आपूर्ति से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकें।
Ranchi LPG Supply News:कॉमर्शियल गैस की कालाबाजारी पर सख्ती
इधर राजधानी में रसोई गैस की कमी की अफवाहों के बीच कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई सप्लायर सरकारी दर से अधिक कीमत पर गैस सिलिंडर देने की बात कह रहे हैं। डोरंडा के एक रेस्टोरेंट संचालक आदित्य भूषण सिंह ने बताया कि पहले जहां उनके प्रतिष्ठान पर सिलिंडर 1800 रुपये में डिलिवर हो रहा था, वहीं अब ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत करीब 2600 रुपये तक बताई जा रही है।
एसडीओ कुमार रजत ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन गैस वितरण की लगातार निगरानी कर रहा है। यदि कोई गैस एजेंसी या वितरक कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Highlights


