Ranchi Mayor Election 2026: रांची मेयर चुनाव में 36,500 से अधिक मतपत्र रिजेक्ट। बैलेट पर नोटा विकल्प नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में अमान्य वोट चर्चा में।
Ranchi Mayor Election 2026 : रांची नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान मेयर पद को लेकर एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। रात 10:45 बजे तक मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार 36,500 से अधिक मतपत्र अमान्य घोषित कर दिये गये। इतनी बड़ी संख्या में मतों के रद्द होने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
बैलेट पर नहीं था NOTA, फिर भी बड़ी संख्या में अमान्य वोट
मेयर पद के लिए इस्तेमाल किये गये बैलेट पेपर पर न तो नोटा का विकल्प था और न ही अलग से रिजेक्ट का कोई कॉलम। इसके बावजूद 36,500 से अधिक मतपत्रों का अमान्य घोषित होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के अनुसार कई मतदाताओं ने दोनों बैलेट पेपर का सही उपयोग नहीं किया। कुछ मतदाताओं ने पार्षद पद के लिए मतदान किया, लेकिन मेयर पद का बैलेट डाले बिना ही चले गये। इससे बड़ी संख्या में मतपत्र रद्द हो गये।
मुहर और अंगूठा दोनों लगाने से भी वोट निरस्त
मतगणना के दौरान यह भी पाया गया कि कई मतदाताओं ने बैलेट पेपर पर मुहर लगाने के साथ-साथ अंगूठा भी लगा दिया। कुछ बैलेट पेपर में चुनाव चिह्न के पास मुहर के अलावा खाली जगह पर भी ठप्पा लगा हुआ मिला। ऐसे मतों को नियमों के तहत अमान्य कर दिया गया।
मेयर पद की प्रत्याशी रोशनी खलखो ने भी बताया कि कुछ मतदाताओं ने जानकारी के अभाव में एक से अधिक बार मुहर लगा दी थी। वहीं कई मतपत्र बेतरतीब ढंग से मोड़े हुए मिले, जिससे पहचान चिह्न प्रभावित हुआ और वे भी रद्द की श्रेणी में आ गये।
हर रद्द मत की अलग से जांच
मतगणना के दौरान हर रद्द मतपत्र की अलग से जांच की गई, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी अमान्य मतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के बाद ही रिजेक्ट किया गया।
हालांकि बड़ी संख्या में रद्द मत यह संकेत देते हैं कि मतदाताओं के बीच बैलेट प्रणाली को लेकर पर्याप्त जागरूकता की कमी रही। इसके बावजूद पूरी मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होती रही और प्रत्याशियों की नजरें अंतिम परिणाम पर टिकी रहीं।
Highlights


