पटना. बिहार में होली पर शिक्षकों को छुट्टी नहीं मिलने पर सियासत जारी है। राजद ने सोशल मीडिया के जरिए सवाल पूछते हुए नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। वहीं बिहार शिक्षक मंच ने सोशल मीडिया पर स्कूल पहुंचे शिक्षकों की ऐसी तस्वीर शेयर की है, जो वायरल हो रही है।
बिहार में होली पर शिक्षकों को छुट्टी नहीं मिलने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सोशल मीडिया एक्स (पूर्व नाम ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया है और सरकार पर सवाल दागा है। राजद पोस्ट में लिखा है, ‘आज बिहार भर के स्कूलों में बिना बच्चों के कौन सी ऐसी जबरदस्त पढ़ाई हुई जिसके लिए शिक्षकों का होली के दिन स्कूल जाना अनिवार्य किया गया था?’
वहीं बिहार शिक्षक मंच ने एक्स पर शिक्षकों के स्कूल पहुंचने की कई फोटो और वीडियो शेयर किये हैं। एक वीडियो में कई शिक्षक स्कूल में शर्ट खोले बाइक पर नजर आ रहे हैं। वहीं एक तस्वीर में बाइक पर लिखा है, ‘कपड़े मत फारना भाई। शिक्षक की ड्यूटी पर जा रहा हूं। हेप्पी होली।’
वहीं कई तस्वीरों में मिट्टी और रंग लगे कपड़े पहने हुए दिख रहे हैं, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि वे शिक्षक हैं और होली पर स्कूल पहुंचे हैं। वहीं चार बिना शर्ट के हैं, जो मुंह ढके हुए हैं और अपने पेट पर पाठक जी और एसीएस लिखे हैं।







