रांची: उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड में भी साफ दिख रहा है। इसी कारण बीते कुछ दिनों में तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया।
गुरुवार सुबह से ठंड में अचानक वृद्धि हुई, जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। हालांकि, अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई, जिससे लोगों को सर्दी का एहसास हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों तक अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। इस दौरान दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दोपहर में गर्मी का असर महसूस होगा।
हालांकि, 9 मार्च से मौसम फिर करवट लेगा। आसमान में बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।