गुमला : गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के उदनी पंचायत अंतर्गत कोकावल ग्राम में एक नाबालिग के साथ गांव के ही युवकों ने गैंगरेप किया है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. इस मामले पर एसडीपीओ ने कहा कि नाबालिक के साथ दुष्कर्म हुआ है और मामले की गहन जांच की जा रही है. जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
16 वर्षीय पीड़िता कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय डुमरी में 9वीं कक्षा की छात्रा है. इसके माता-पिता तमिलनाडु में काम करते हैं. और वह कस्तूरबा विद्यालय डुमरी में पढ़ाई करती हैं. इन दिनों विद्यालय बंद होने के कारण अपने बड़े पिताजी के घर कोकावल गई थीं.

पीड़िता के अनुसार सोमवार को वह अपने एक सहेली व एक रिश्तेदार के साथ लातेहार जिला स्थित सुगा बांध घूमने गई थी. रिश्तेदार युवक ने घूमने के बाद शाम को छात्रा को कोकावल स्थित उसके बड़े पिता के घर पर पहुंचाकर वापस अपने घर चंदावल लौट गया था. फिर कुछ देर के बाद छात्रा के मोबाइल पर एक नए नंबर से फोन आया. जिसमें छात्रा को घर पहुंचाने वाले युवक के माध्यम से फोन किया गया. उसमें कहा गया कि मेरा मोटरसाइकिल खराब हो गया है तुम यहां पर आओ. इस पर छात्रा उसके पास जंगल के किनारे अपने रिश्तेदार से मिलने गई तो पता चला कि गांव के ही छह-सात युवक उसके रिश्तेदार को मारपीट कर फोन करवा कर छात्रा को बुलाया है.
पीड़िता ने बताया कि मेरे पहुंचने के बाद गांव के युवक मिलकर मेरे साथी को मारपीट कर भगा दिया और मेरे साथ जबरदस्ती कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया. साथ ही इस बात को किसी से नहीं बताने की धमकी भी दी. अगर किसी को बताया तो जान से मार देंगे. आगे पीड़िता ने कहा कि वह डर से घर में किसी को नहीं बताई फिर बाद में अपने साथी के माध्यम से बुधवार को सुबह डुमरी थाना को इसकी सूचना दी गई.

सूचना पर एसडीपीओ सिरिल मरांडी के नेतृत्व में डुमरी पुलिस मौके पर पहुंच पीड़िता का बयान लिया. इसके बाद पुलिस ने छह आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर थाने ले आई है. इस संबंध में एसडीपीओ ने कहा कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला है, जिसपर मामले की गहन जांच की जा रही है. जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा.
रिपोर्ट : रणधीर निधी
नाबालिग आदिवासी छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के विरोध में भाजपा का कैंडल मार्च


