मधेपुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवा–बाइक टक्कर में युवक की मौत, कुछ देर तक SH-91 जाम
मधेपुरा : जिले के मुरलीगंज से बिहारीगंज जाने वाली मुख्य सड़क (SH-91) पर शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना दिघी भलाई मोड़ के समीप उस समय हुई, जब एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने सामने से आ रही पल्सर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार हाईवा ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत कोल्हयपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-3 निवासी रुद्रनारायण राम के 22 वर्षीय पुत्र बिट्टू राम उर्फ बीटल के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि बिट्टू राम अपनी पल्सर बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर शव को सड़क पर रखकर SH-91 जाम कर दिया। सूचना पर मुरलीगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में मुखिया प्रतिनिधि मनोज यादव और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से लोगों को शांत कराया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल, मधेपुरा भेजा
इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने हाईवा ट्रक और क्षतिग्रस्त पल्सर बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े : पटना में लगेगा राष्ट्रीय स्तर के एथलेटिक्स महाकुंभ, तीन दिवसीय कार्यक्रम में जमेंगे राज्यों के 1,084 सिविल सेवक एथलीट
Highlights


