पटना : एमएलसी की 24 सीटों पर हो रहा मतदान, 187 प्रत्याशी आजमा रहे अपनी किस्मत- बिहार विधानसभा
परिषद चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग हो रही है.
स्थानीय निकाय की 24 सीटों के लिए वोटिंग सुबह आठ बजे से शुरू हो गई
जो शाम चार बजे तक चलेगी. सभी 24 सीटों के नतीजे सात अप्रैल को आएंगे.
24 सीटों के लिए कुल 187 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
कुल 534 बूथों पर इस बार 1,34,106 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.
बताते चलें कि एनडीए एकजुट होकर चुनाव में उतरा है तो
महागठबंधन में कांग्रेस और आरजेडी अलग-अलग किस्मत आजमा रहे हैं.
वहीं, चिराग पासवान और मुकेश सहनी की भी साख दांव पर है.
बूथों पर तीन स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था
सहरसा सह मधेपुरा सुपौल निर्वाचन क्षेत्र से सबसे ज्यादा 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. भोजपुर सह बक्सर निर्वाचन क्षेत्र से सबसे कम दो प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. जिलों के प्रखंड मुख्यालयों में बनाए गए बूथों में तीन स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है. सभी 24 सीटों के लिए चुनावी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है.
एनडीए बनाम आरजेडी-लेफ्ट गठबंधन के बीच मुकाबला
मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम आरजेडी-लेफ्ट गठबंधन के बीच माना जा रहा है. एनडीए में बीजेपी 12, जेडीयू 11, आरएलजेपी एक सीट पर चुनाव लड़ रही है. बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को ऑब्जर्वर के रूप में बहाल किया गया है. पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट एवं माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं. पीठासीन अधिकारियों व सुरक्षा बलों की विभिन्न कंपनियों को भी तैनात किया गया.
23 सीटों पर आरजेडी लड़ रही चुनाव
23 सीटों पर आरजेडी और एक सीट पर सीपीआई लड़ रही है. आरजेडी से कांग्रेस का गठबंधन नहीं हो पाया. कांग्रेस आठ सीटों पर लड़ रही है. मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी सात एवं चिराग की पार्टी छह सीटों पर लड़ रही है.
रिपोर्ट : शक्ति/ प्रणव


