घोड़ाकटोरा पहाड़ी झील यात्रा पर गए पर्यटकों से अज्ञात बदमाशों ने की लूटपाट
नालंदा : राजगीर के घोड़ाकटोरा पहाड़ी झील यात्रा पर गए पर्यटकों के एक दल के साथ बुधवार को अज्ञात अपराधियों द्वारा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है। पश्चिम बंगाल से पहुंचे पर्यटकों का यह दल एक टोटो से घोड़ाकटोरा पहाड़ी झील की ओर सैर पर निकले। जैसे हीं वे रोप वे स्थित नाका से आगे लगभग चार किलोमीटर घोडाकटोरा मार्ग पर पहुंचे। तभी वहां घात लगाए बैठे आधा दर्जन से भी अधिक लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। और टोटो पर बैठे पर्यटकों से चार मोबाइल फोन और एक स्मार्ट वाच इत्यादि लूट लिया। इस क्रम में विरोध करने पर लुटेरों ने पर्यटकों के अलावे टोटो चालक के साथ मारपीट भी की। जिससे उन्हें काफी चोटें भी आई। घटना से भयभीत हो टोटो चालक ने पर्यटकों को फौरन बिठाकर भगाकर वापस नाका पर ले आया।
इस बाबत रेंज ऑफिसर अरुण कुमार ने बताया कि इस घटना की सूचना पीड़ित पर्यटकों को लेकर वापस लौटे टोटो चालक ने दी। जिसने विस्तार से घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजगीर पुलिस को सूचना देकर वन विभाग अपने आरक्षियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मुआयना किया। उन्होंने आगे बताया कि नाका से आगे लगभग चार किमी ललकीपर यह घटना घटी है। जो उदयगिरी पहाड़ की तलहटी से ठीक सटा हुआ है। इस घटना को अंजाम देने के लिए, यहां पर पहले से अपराधी घात लगाए बैठे थे।
बता दें कि उदयगिरी पहाड़ के कुछ दूर उपर चढने पर मोबाइल फोन का एक सिम फेंका हुआ बरामद किया गया। जिसे राजगीर पुलिस को सौंप दिया गया है। उसके बाद घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की शुरू की। उन्होंने बताया कि फिलहाल सर्च एंड रेड ऑपरेशन चलाकर अपराधियों को धर दबोचने की कार्रवाई जारी है। बता दें कि घोड़ाकटोरा पहाड़ी झील स्पाट एरिया में ऐसी पहली बार घटना घटी है। जिसे लेकर वन विभाग और पुलिस दोनों हीं सकते में हैं। और काफी सरगर्मी से अपराधियों की तलाश में जुटी है।
रजनीश किरण की रिपोर्ट







