बाबूलाल मरांडी ने पीएम मोदी के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा

खूंटीः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज खूंटी में आगामी 15 नवंबर को प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की जानकारी ली। मरांडी ने भाजपा जिला कार्यालय खूंटी में जिलाध्यक्ष एवं पार्टी के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की। तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

मरांडी ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के इतिहास में स्वर्णिम दिन है। ईश्वर ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान विभूति को इस धरती पर भेजा। भाजपा की सरकार ने बिरसा मुंडा के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए इसका गौरव बढ़ाया। स्व अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने इस मिट्टी की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए अलग झारखंड राज्य का निर्माण 15 नवंबर भगवान बिरसा जयंती के दिन को किया।

पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा के धरती का मान बढ़ाया है

अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजाति समाज के अमर बलिदानी भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। राज्य की सीमाओं से ऊपर भगवान बिरसा मुंडा आज देश के सारे जनजाति समाज के गौरव हैं, वे भारत के गौरव हैं।

मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के ऐसे पहले पीएम हैं जो भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने जनजाति समाज के साथ पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसलिए प्रदेश की जनता उन्हें सुनने के लिए बहुत उत्साहित है। आगामी 15 नवंबर को प्रधानमंत्री जी का ऐतिहासिक सभा खूंटी की धरती पर होगी।

Share with family and friends: