पटना: बक्सर से भाजपा के सांसद प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी मुश्किल में फंस सकते हैं। मिथिलेश तिवारी के विरोध में बक्सर लोकसभा के कुछ भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने पटना भाजपा कार्यालय पहुंच प्रदर्शन किया साथ ही मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर जांच करने की गुहार लगाई।
दरअसल होली पर्व के दिन बीते 26 मार्च को बक्सर में एक व्यक्ति महेश कुमार की हत्या अपराधियों ने कर दी थी। अब मृतक महेश के परिजन भाजपा प्रत्याशी पर हत्यारे को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। दरअसल रविवार को अचानक कुछ लोग भाजपा कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे मृतक महेश कुमार के परिजन हैं और उन्होंने महेश कुमार की हत्या का आरोप मिथिलेश पांडेय नामक एक व्यक्ति पर लगाया। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक को मिथिलेश पांडेय घर से बुला कर ले गया और उसकी हत्या कर दी। आरोपी को बक्सर से भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी का संरक्षण प्राप्त है जिसकी वजह से पुलिस भी सही से जांच नहीं कर रही। परिजनों ने इस दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने की मांग की और कहा कि हत्या के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाये।
पटना से अविनाश सिंह की रिपोर्ट
https://www.youtube.com/@22scopebihar/videos
यह भी पढ़ें- 5 लाख नौकरियों पर झूठ बोलना छोड़, अपना वास्तविक योगदान बताएं तेजस्वी: राजीव रंजन


















