नवादा : नवादा जिला के लोगों को गजराज के परिवार के दर्शन का मौका मिला है. हालांकि इसमें कोई खुशी की बात नहीं है क्योंकि झुंड में 9 जंगली हाथी शामिल है और इसके वजह से लोगों में दहशत का माहौल है. खबर है नवादा जिला के रजौली अनुमंडल की जहां 9 जंगली हाथियों का झुंड रजौली प्रखंड के रतनपुर गांव की तरफ बढ़ रहा है जिसे लेकर गांव में दहशत व्यापक हो गया है. फिलहाल हाथियों का झुंड गांव से सटे जंगल में उत्पात मचा रहा है.
कई पेड़ों को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है. वन विभाग के अधिकारियों के साथ ही डीएम को भी सूचना दे दी गई है. सूचना मिली है कि हाथियों ने इसके पहले समवर्ती क्षेत्र झारखंड के कोडरमा जिले के कई घरों को क्षति पहुंचाया है. सूचना के बाद अधिकारी के द्वारा टायर जलाकर हाथी को भगाने की कोशिश की गई. वन विभाग के डीएफओ अवधेश कुमार ने कहा कि अभी किसी भी प्रकार की कोई नुकसान किसी को नहीं हुआ है. हम लोगों के द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है और कोलकाता से एक टीम को बुलाया गया है.
टीम के माध्यम से हाथी जिस रास्ते से आया है उसी रास्ते से झारखंड भेजने की कोशिश की जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रखने के लिए रहने के लिए कह दिया गया है. साथ ही टायर जलाकर हाथी को जंगल में भेजने की कोशिश की जा रही है.


















