धनबादः गोविन्दपुर-साहेबगंज सड़क पर मोहलीडीह और मैरानवाटाँड़ के बीच सुनसान जगह पर रविवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में मैरानवाटाँड़ गाँव निवासी पवन दाँ(42) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मैरानवाटाँड़ गांव निवासी पवन दाँ हर रोज की तरह रविवार सुबह साइकिल पर भूँसा लादकर घर मैरानवाटाँड़ लौट रहा था, घर से मात्र डेड़ किमी की दूरी पर जामताड़ा से गोविन्दपुर की ओर से तेजगति से आ रहे इनोवा कार संख्या-जेएच01 सीबी 0360 ने अपनी चपेट में ले लिया. साइकिल सवार को रौंदने के बाद अनियंत्रित इनोवा होकर सड़क किनारे जाकर रेलिंग को तोड़ते हुए पेड़ से टकरा कर पलट गई. कार की गति इतनी तेज थी कि कार की टक्कर से पेड़ भी उखड़ गया. हादसे के बाद कार चालक और दो सवार भागने की कोशिश कर रहे थें कि ग्रामीणों ने पकड़ लिया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि चालक ने शराब पी रखी थी. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पूर्वी टुंडी पुलिस को दी. पुलिस ने घटनास्थल पहुँच कर चालक समेत दो लोगों को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुँचाया, जबकि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने इनोवा कार को अपने कब्जे में ले लिया है।


















