रांचीः झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन और जस्टिस एसएन प्रसाद की अदालत में पुलिस नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान अधिवक्ता अपराजिता भारद्वाज की ओर से कहा गया कि इस मामले में उनकी ओर से 4190 अभ्यर्थियों की ओर से वकालतनामा फाइल कर दिया गया है. अब उनकी ओर से इस मामले में उपरोक्त अभ्यर्थियों का पक्ष रखा जाएगा. उनकी ओर से कहा गया कि इस मामले में प्रार्थी की ओर से याचिका और राज्य सरकार के जवाब की एक प्रति उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए. जिस पर अदालत ने वादी को संबंधित दस्तावेज देने का निर्देश दिया है.
वहीं इस मामले में 29 नवंबर को सुनवाई होगी. गौरतलब है कि प्रार्थी सुनील टूडू की ओर से याचिका दाखिल कर राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2017 में पुलिस कास्टेबल की नियुक्ति को चुनौती दी गई है. याचिका में कहा गया है पुलिस मैनुअल में नियुक्ति से संबंधित प्रावधान किए गए हैं तो राज्य सरकार अलग से नियमावली कैसे बना सकती हैं.
रिपोर्ट-प्रोजेश


















