डिजीटल डेस्क : चुनाव आयोग पर बरसे अखिलेश यादव, बोले – आयोग को न सुनाई दे रहा और न दिखाई। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 9 सीटों पर हो रही वोटिंग के बीच बुधवार दोपहर अचानक सपा प्रमुख अखिलेश यादव मीडिया के सामने आए और प्रदेश सरकार, पुलिस-प्रशासन के साथ ही चुनाव आयोग पर अपना गुस्सा निकाला।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि – चुनाव आयोग की इंद्रिया काम नहीं कर रही हैं। न उसे सुनाई दे रहा है और न ही दिखाई। भाजपा हार के डर से पूरे प्रशासन पर दबाव बना रही है। मतदाताओं से अपील है कि डटे रहें और वोट डालकर ही आएं।
अखिलेश बोले- वोट नहीं खोट से जीतना चाह रही भाजपा
समाजवादी पार्टी के मुखिया के उन सभी 9 विधानसभा से अपने कार्यकर्ताओं से सीधे मिल रहे ग्राउंड अपडेट के हवाले से प्रेस कांफ्रेंस में अपनी बात रखी, जहां बुधवार को उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
इसी क्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि – ‘भाजपा ये चुनाव वोट से नहीं खोट से जीतना चाहती है। चुनाव में बेईमानी करने वाले अधिकारियों की नौकरी जाएगी।
…आज जबसे वोट पड़ना शुरू हुआ तबसे लगातार शिकायतें आ रही हैं। मतदाताओं से मेरी अपील है कि एक नहीं वे कई बार वोट डालने जाएं। …जब तक वोट न डाल लें तब तक जाएं।
…चुनाव आयोग ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस कहीं रोक नही सकती और जांच नहीं कर सकती हैं। फिर भी भाजपा बेईमानी कर रही हैं। भाजपा हार के डर से पूरे प्रशासन पर दबाव बना रही है’।

अखिलेश बोले – चुनाव आयोग बना मूकदर्शक, हार के डर से बेईमानी पर उतरी भाजपा…
इसके बाद सीधे चुनाव आयोग और भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि – ‘…भाजपा का सिंहासन हिल रहा है, इसलिए विपक्ष के लोगों को वोट डालने से रोक रहे हैं। …पुलिस वोटर्स को रोक रही है…चुनाव आयोग मूक दर्शक बना हुआ है।
…भाजपा को चुनाव में हार का डर सता रहा है, इसलिए वह बेईमानी पर उतर आई है। …हमने अपनी पार्टी कार्यकर्ताओं और वोटर्स से धांधली करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सबूत जुटाने को कहा है’।

सपा मुखिया ने चेताया – कोई भी बेईमान अधिकारी बख्शा नहीं जाएगा, कोर्ट में सबका हिसाब होगा…
इसके बाद तमतमाए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में अपनी बात मीडिया की ओर से दागे जा रहे सवालों के बीच रखी।
अखिलेश यादव ने कहा कि –‘…समाजवादी साथी गड़बड़ी से जुड़े सारे वीडियो और फोटो जुटा रहे हैं। …पुलिस के लोग जो शामिल हैं उनके नाम और पद की भी जानकारी जुटाई जा रही है, हम इनके खिलाफ कोर्ट जाएंगे, कोर्ट किसी को भी नहीं छोड़ेगा। सबका हिसाब होगा।
…मेरा दावा है कि हो रहे चुनाव का परिणाम हमारे पक्ष में आएगा लेकिन कल को कोर्ट का फैसला इन बेईमान अधिकारियों के खिलाफ आएगा। …सबकी नौकरी, पीएफ, पेंशन छिन जाएगी और इनके बच्चे, परिवार, रिश्तेदार समाज में बनी बनाई इज्जत जाएगी। …बेईमानी का ठप्पा लगेगा और जनता इन्हें किस निगाह से देखेगी यह कहने की जरूरत नहीं है’।

अखिलेश का आरोप – मीरापुर विधानसभा में अधिकारियों ने छीने वोटर आईडी, अंदर करा रहे मनमानी वोटिंग
सपा मुखिया अखिलेश यादव यही नहीं रुके। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से मिल रहे ग्राउंड रिपोर्ट के हवाले देते हुए अपनी बात रखी।
अखिलेश यादव ने कहा कि – ‘…सुबह से मेरी दो बार चुनाव आयोग के अधिकारियों से बात हुई है और आयोग ने मुझे भरोसा दिया है कि बेईमान अधिकारियों के खिलाफ सबूत दें तो कार्रवाई की जाएगी। …पुलिस और बूथ पर मौजूद अधिकारियों की ओर से वोटिंग में गलत किया जा रहा है।
…मुख्य तौर पर मीरापुर विधानसभा में अधिकारियों ने वोटर आईडी छीन लिया है और खुद अंदर मतदान करवा रहे हैं। …ऐसे अधिकारियों की मैं जानकारी जुटाउंगा। कई बूथ पर एक-एक मतदाता समाजवादी पार्टी को वोट देने जा रहा है लेकिन पीठासीन अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। …ये हारने वाले हैं डरे हुए हैं और इसलिए हमारे वोटर्स को रोक रहे हैं’।


















