रांची: डोरंडा थाना में सोमवार शाम एक आरक्षी के साथ धक्का-मुक्की और दारोगा को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी अमन अहमद खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। आरोपी डोरंडा के अरबिंदो नगर का निवासी है।
क्या है मामला?
सोमवार शाम अमन के माता-पिता, रूही खान और फिरोज खान, डोरंडा थाना पहुंचे और बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप था कि अमन अक्सर उनके साथ मारपीट करता है और रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। उन्होंने यह भी कहा कि अमन उनकी बेटी के ससुराल जाकर उन्हें धमकाता है।
जैसे ही अमन को इसकी जानकारी मिली, वह थाना पहुंचा और अपने माता-पिता को खोजने लगा। सिरिस्ता में बैठी अपनी मां को देखकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरक्षी धर्मराज पासवान ने जब उसे रोका, तो अमन ने उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनका कॉलर पकड़कर खींचा। यह देख ओडी ड्यूटी पर तैनात दारोगा संतोष कुमार रजक ने हस्तक्षेप किया। अमन ने उनके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, यहां तक कि उन्हें गोली मारने की धमकी दी।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
दारोगा संतोष कुमार रजक की शिकायत पर अमन के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमन को गिरफ्तार किया और उसे जेल भेज दिया।


















