रांची: झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर दिखने लगा है। राज्य में ठंडी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं, जिससे दिन में तापमान बढ़ गया है और रात का भी पारा चढ़ रहा है। राज्य के 18 जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री से अधिक बना हुआ है। रांची में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, फरवरी की शुरुआत से ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जो पिछले तीन वर्षों में पहली बार हो रहा है। यदि यह स्थिति बनी रही तो मार्च में ही कड़ी धूप का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव आएगा। 19 और 20 फरवरी को झारखंड में वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 18 फरवरी को पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में बादल छाए रहेंगे। 19 फरवरी को दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित अन्य जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है। वहीं, 20 फरवरी को रांची, बोकारो और रामगढ़ में बारिश होने के आसार हैं।
राज्य में बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर बिजली गिरने की संभावना वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।