रांची: झारखंड में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। यूपी से बांग्लादेश के बीच बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से राज्य के रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस बदलाव से अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम की इस तात्कालिक तीव्रता ने जान-माल को नुकसान पहुंचाया। ठनका गिरने से रांची के हुरहुरी निवासी 12 वर्षीय रिजवान अंसारी और पलामू के कचहरी गांव निवासी 17 वर्षीय ओमप्रकाश चंद्रवंशी की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य लोग झुलस गए हैं।
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार राज्य के 10 जिलों में वर्षा दर्ज की गई। बोकारो थर्मल में सर्वाधिक 44.2 मिमी बारिश हुई। केंद्र ने 21 मई तक राज्य में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। 18 से 21 मई के बीच हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने और दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रांची शहर में दोपहर 2 बजे से ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया था। काले बादलों के साथ हल्की बूंदा-बांदी हुई, जो जल्द ही 20 मिनट की तेज बारिश में बदल गई। उसके बाद 3 बजे से पुनः तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी के चलते अशोक कुंज इलाके में पेड़ गिरने की घटना में पांच लोग बाल-बाल बचे। खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की फेंसिंग और अन्य सामान हवा में उड़ गए। अनगड़ा के बंता में ट्रांसफार्मर और बिजली का पोल उखड़ गया, जबकि बूटी मोड़ के पास सात बिजली के खंभे गिर पड़े।
मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि मई के तीसरे और चौथे सप्ताह में झारखंड में अधिकतम तापमान 38 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री तक जा सकता है, जिससे रातों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। हालांकि, अगर साइक्लोनिक सर्कुलेशन या टर्फ लाइन का प्रभाव बना रहा, तो रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी जिससे गर्मी में थोड़ी राहत संभव है।







