कार चालक ने चार लोगों को रौंदा
जमशेदपुर : बिष्टुपुर में देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां थोड़ी देर के लिए शहर के रफ्तार पर ब्रेक लग गयी. हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस की मुश्तैदी से स्थिति पर काबू पाया गया. वैसे इसके लिए खुद जिले के उपायुक्त सूरज कुमार को कमान संभालनी पड़ी.
दरअसल शराब के नशे में एक कार चालक ने बिष्टुपुर थाना अंतर्गत धातकीडीह- बिष्टुपुर मार्ग पर रफ्तार का कहर बरपाया और चार लोगों को रौंद दिया. जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने कार चालक का पीछा किया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी भी की, जिसमें कार के शीशे टूट गए. कार चालक वीमेंस कॉलेज के समीप एक मकान में जा छुपा. जिस पर आक्रोशित लोगों ने कार चालक को सौंपने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया.

पुलिस की पिटाई से कांग्रेस एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष घायल
इसी बीच बिष्टुपुर थाना पुलिस को मामले की जानकारी हुई. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ पर लाठियां भांजनी शुरू कर दी. इसके बाद बस्ती वासी और आक्रोशित हो गये. वहीं पुलिस की पिटाई से कांग्रेस एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष लखींद्र करुआ भी घायल हो गए. मामला बिगड़ता देख क्यूआरटी को बुलानी पड़ी.
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा- उपायुक्त

इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर उपायुक्त सूरज कुमार ने बताया कि चारों घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है. दोषियों को चिन्हित किया जा रहा है लॉ एंड ऑर्डर सामान्य है किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
पुलिस पर लोगों ने लगाया आरोप
वहीं पुलिस की पिटाई से घायल कांग्रेस एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा जानबूझकर भीड़ पर लाठियां चलाई गई. पुलिस ने उन्हें भी नहीं बख्शा. पुलिस की लाठी से घायल कांग्रेस एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष लखींद्र करुआ को भी इलाज के लिये अस्पताल मे भर्ती कराया गया है.
रिपोर्ट: लाला जब़ी

















