रांची समेत झारखंड के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी, तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट की संभावना
Jharkhand Rain Alert रांची: रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 30 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल को रांची, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
Jharkhand Rain Alert: आंधी-बारिश का असर और अलर्ट
बुधवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने अचानक मौसम बदल दिया। इससे जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित भी हुआ। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है।
विभाग के अनुसार 1 मई से 5 मई के बीच भी रांची सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी।
Key Highlights:
रांची समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी की संभावना
अगले तीन दिनों में तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट
ओलावृष्टि से फसलों को आंशिक नुकसान
कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित और हादसे
Jharkhand Rain Alert: फसलों को हुआ नुकसान
तेज आंधी और ओलावृष्टि का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला है। बेड़ो प्रखंड के नेहालू-अम्बाटोली इलाके में छोटे ओले गिरने से फसलों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। किसानों को इस अचानक बदले मौसम से नुकसान उठाना पड़ा है।
साथ ही कई जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए सड़क यातायात भी बाधित रहा।
Jharkhand Rain Alert: बिजली व्यवस्था और हादसे
तेज हवा और बारिश के दौरान रांची के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। नामकुम-सिकिदरी हाई वोल्टेज लाइन ट्रिप कर गई, जबकि हटिया-कांके अंडरग्राउंड केबल में खराबी आने से सप्लाई प्रभावित रही।
ओरमांझी के कुकुई गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी दो छात्राओं पर डाल गिर गई, जिससे वे घायल हो गईं।
Highlights







