Betla National Park: बेतला में बदलेगा जंगल सफारी का अनुभव, स्थानीय गाइडों को मिला आधुनिक प्रशिक्षण

Betla National Park (लातेहार): पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) के बेतला नेशनल पार्क में आने वाले पर्यटकों को अब जंगल सफारी का और बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है। स्थानीय गाइडों को आधुनिक तकनीक, प्रकृति और वन्यजीवों के ज्ञान के साथ प्रोफेशनल व्यवहार का प्रशिक्षण दिया गया है। पलामू टाइगर रिजर्व के सहयोग से द नेचुरलिस्ट स्कूल की ओर से स्थानीय गाइडों के लिए पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुल 60 घंटे के इस प्रशिक्षण में थ्योरी के साथ फील्ड ट्रेनिंग भी शामिल रही।

मास्टर ट्रेनर्स ने सिखाए नेचर गाइडिंग के आधुनिक तरीके

विशेष नेचर गाइड कोर्स के लिए द नेचुरलिस्ट स्कूल की ओर से तीन अनुभवी मास्टर ट्रेनर्स बेतला पहुंचे। प्रशिक्षण को व्यावहारिक और प्रोफेशनल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। सेवानिवृत्त सेना अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल नंदिनी सेन ने कोर्स डायरेक्टर के रूप में कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उनके मार्गदर्शन में अनुशासन और प्रोफेशनल व्यवहार से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रकृति सुब्रमण्यम ने प्रतिभागियों को प्रकृति, पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी। वहीं सिद्धेश जे शंकर ने फील्ड वर्क और जंगल सफारी से जुड़े तकनीकी पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को विशेष गाइडिंग किट भी उपलब्ध कराई गई, जिससे सफारी के दौरान पर्यटकों को जंगल, वन्यजीव और प्रकृति से जुड़ी जानकारी बेहतर तरीके से दी जा सकेगी।

पेड़-पौधों और वन्यजीवों की पहचान का मिला प्रशिक्षण

प्रशिक्षण में स्थानीय गाइडों को बेतला के पेड़-पौधों, पक्षियों और वन्यजीवों की पहचान के साथ उनके व्यवहार को समझने की जानकारी दी गई। उन्हें पलामू टाइगर रिजर्व के जंगलों में पाई जाने वाली पारंपरिक जड़ी-बूटियों और उनके औषधीय महत्व के बारे में भी बताया गया। इससे गाइड पर्यटकों को प्राकृतिक संसाधनों के बारे में अधिक व्यवस्थित और तथ्यपरक जानकारी दे सकेंगे। इसके साथ ही देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ विनम्र, सुरक्षित और प्रोफेशनल व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।

स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे

पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना ने कहा कि इस पहल से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। साथ ही बेतला और पलामू टाइगर रिजर्व की पर्यटन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। प्रशिक्षित नेचर गाइड पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों के बारे में बेहतर जानकारी देने में सक्षम होंगे। इससे पर्यटकों के अनुभव में सुधार के साथ क्षेत्र में पर्यावरण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बेतला पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

स्थानीय गाइडों को आधुनिक प्रशिक्षण मिलने से बेतला नेशनल पार्क में जंगल सफारी का अनुभव अधिक व्यवस्थित और जानकारीपूर्ण बनाने की दिशा में मदद मिल सकती है। प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को वन्यजीवों, पेड़-पौधों और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बारे में जानकारी देने के साथ जंगल सफारी के दौरान बेहतर मार्गदर्शन कर सकेंगे। इससे पलामू टाइगर रिजर्व और बेतला को पर्यावरण-पर्यटन के प्रमुख स्थलों के रूप में मजबूत पहचान मिलने की उम्मीद है।

Jamshedpur Marine Drive Accident: हादसे के बाद सड़क किनारे पार्किंग पर...

Jamshedpur Marine Drive Accident, जमशेदपुर: सोनारी मरीन ड्राइव के दोमुहानी इलाके में हुए सड़क हादसे के बाद झारखंड सरकार ने सड़क किनारे वाहनों की...

Karam Mahotsav Jamshedpur: गोपाल मैदान में सजा करम का रंग, प्रकृति...

Karam Mahotsav Jamshedpur: बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में रविवार को विशाल करम महोत्सव का आयोजन किया गया। कुड़मी सेना राष्ट्रीय कमिटी की ओर से आयोजित...

Bihar Saras Mela: 7 दिनों में ढाई करोड़ का कारोबार, रीता...

Bihar Saras Mela, पटना: बिहार सरस मेला अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है, लेकिन मेले में खरीदारी का उत्साह कम होने के...