
पलामू टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र से रेलवे लाइन हटाने का अंतिम प्रस्ताव परिवेश पोर्टल पर अपलोड हो गया है। बेतला में हाईटेक सुरंग बनेगी।
PTR Railway Line रांची: पलामू टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र से गुजरने वाली रेलवे लाइन को बाहर स्थानांतरित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रेलवे की ओर से इसका अंतिम प्रस्ताव भारत सरकार के परिवेश पोर्टल पर डाल दिया गया है। प्रस्ताव के तहत अब रेल लाइन कोर एरिया से बाहर वैकल्पिक मार्ग से गुजरेगी। बेतला के संवेदनशील चिकन नेक वन्यजीव कॉरिडोर वाले हिस्से में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के मार्गदर्शन में हाईटेक टनलिंग तकनीक से सुरंग बनाई जाएगी।
PTR Railway Line:कोर क्षेत्र से बाहर जाएगी रेलवे लाइन
पलामू टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना के अनुसार, नई व्यवस्था से रेल लाइन को रिजर्व के कोर क्षेत्र से बाहर ले जाया जाएगा। बेतला के संवेदनशील वन्यजीव कॉरिडोर में सुरंग का निर्माण हाईटेक तकनीक से किया जाएगा।
सुरंग निर्माण की खासियत यह होगी कि जमीन की ऊपरी सतह पर इसका प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इससे वन्यजीवों की आवाजाही बाधित नहीं होगी और मानव अधिवास भी सुरक्षित रहेगा। योजना का उद्देश्य रेलवे परिवहन और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन कायम करना है।
Key Highlights
- पीटीआर के कोर क्षेत्र से रेलवे लाइन हटाने का अंतिम प्रस्ताव पोर्टल पर अपलोड।
- रेल लाइन कोर एरिया से बाहर वैकल्पिक मार्ग से गुजरेगी।
- बेतला के चिकन नेक वन्यजीव कॉरिडोर में हाईटेक सुरंग बनेगी।
- सुरंग के ऊपर जमीन की सतह और वन्यजीवों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी।
- छिपादोहर और हेहेगढ़ा स्टेशन हटाए नहीं जाएंगे, उनका आधुनिकीकरण होगा।
PTR Railway Line:छिपादोहर और हेहेगढ़ा स्टेशन होंगे आधुनिक
रेलवे लाइन स्थानांतरण की योजना को लेकर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आंदोलन चल रहा है। ग्रामीणों के बीच यह भ्रम फैल गया था कि नई परियोजना के तहत छिपादोहर और हेहेगढ़ा रेलवे स्टेशन को हटा दिया जाएगा। पीटीआर प्रबंधन ने इस आशंका को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि कोई भी मौजूदा स्टेशन हटाया नहीं जाएगा।
डिप्टी डायरेक्टर के अनुसार, इन्हीं स्थानों और इन्हीं गांवों में करीब 500-500 मीटर के अंतराल पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए और बेहतर स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इससे स्थानीय लोगों को रेलवे सुविधाओं का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा।
PTR Railway Line:स्थानीय मांग पर बनेगा तीसरा रेलवे स्टेशन
स्थानीय निवासियों की मांग को देखते हुए पीटीआर प्रबंधन ने रेलवे से एक अतिरिक्त तीसरा स्टेशन बनाने का प्रस्ताव दिया था। रेलवे ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है। इस नए प्रस्ताव को तैयार करने में क्षेत्र के ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसद और विधायकों का भी समर्थन मिला है।
पीटीआर प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रबंधन का कहना है कि रेलवे लाइन स्थानांतरण की योजना वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।




