Bihar Startup Success Story: ₹1 करोड़ से ₹52 करोड़ तक पहुंचा कारोबार, जानिए बिहार के इस ड्रोन स्टार्टअप की कहानी

Bihar Startup Success Story, पटना: बिहार में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर अब युवा उद्यमियों के कारोबार में दिखाई देने लगा है। राज्य के कई युवा सरकारी सहयोग, सीड फंडिंग और मार्गदर्शन के माध्यम से अपने विचारों को व्यवसाय में बदल रहे हैं। ट्रकिंग टेक्नोलॉजी, ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल डिस्प्ले जैसी नई तकनीकों पर काम कर रहे उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा की है। Startup Bihar Stakeholder Dialogue के दौरान उद्यमियों ने बताया कि किस तरह बिहार सरकार और उद्योग विभाग से मिले सहयोग ने उनके स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में मदद की। इन अनुभवों से यह भी सामने आया कि बिहार के युवा अब केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।

ट्रकिंग सेक्टर में उबर जैसा मॉडल तैयार कर रही रोड एक्सप्रेस

रोड एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक नीरज सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। रोड एक्सप्रेस टेक्नोलॉजी एक तकनीक आधारित कंपनी है, जो ट्रकिंग सेक्टर में काम कर रही है। कंपनी का उद्देश्य ट्रकिंग क्षेत्र में उबर जैसा मॉडल तैयार करना है। नीरज सिंह के अनुसार, कंपनी ने प्ले स्टोर पर अपना एप्लीकेशन भी लॉन्च किया है, जिसका उपयोग बड़ी संख्या में ड्राइवर कर रहे हैं। वर्तमान में कंपनी पूरे भारत में काम कर रही है और विभिन्न स्थानों पर अपनी शाखाएं खोल चुकी है। उन्होंने बताया कि रोड एक्सप्रेस के साथ लगभग 10 हजार प्रशिक्षित ड्राइवर जुड़े हुए हैं। कंपनी अब तक 20 हजार से अधिक सफल ट्रिप पूरी कर चुकी है। पिछले वर्ष कंपनी ने करीब 40 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल किया। चालू वित्त वर्ष में कंपनी का लक्ष्य 80 से 100 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करना है। नीरज सिंह ने कहा कि वर्ष 2018 में बिहार सरकार और उद्योग विभाग से मिली सीड फंडिंग ने कंपनी को आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण मदद की। उन्होंने सरकार के लगातार मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।

सरकारी फंडिंग से ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग को मिली गति

वेद प्रभा एयरोस्पेस के मनीष दीक्षित ने बताया कि उनकी कंपनी ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी ने वर्ष 2022 में एग्रीकल्चर ड्रोन के निर्माण से अपना काम शुरू किया था। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के स्टार्टअप फंड के माध्यम से कंपनी को वित्तीय सहायता मिली। कारोबार शुरू होने के पहले वर्ष कंपनी का राजस्व करीब एक करोड़ रुपये था। इस वर्ष यह बढ़कर 52 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मनीष दीक्षित ने कहा कि उनकी कंपनी ड्रोन एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही है। सरकारी सहयोग और तकनीकी नवाचार के माध्यम से कंपनी अपने कारोबार का विस्तार कर रही है।

आरसीएक्स लाइट बना रही है इमारतों को डिजिटल डिस्प्ले

आरसीएक्स लाइट प्राइवेट लिमिटेड के रवि चंद्र शर्मा ने बताया कि उनका स्टार्टअप किसी भी इमारत को डिजिटल डिस्प्ले में बदलने की तकनीक पर काम करता है। उन्होंने कहा कि कंपनी को शुरुआती फंडिंग बिहार सरकार से मिली थी। सरकारी सहयोग के बाद स्टार्टअप ने बिहार स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत आगे की फंडिंग प्राप्त की। वर्तमान में कंपनी पूरे भारत में अपनी सेवाएं दे रही है। रवि चंद्र शर्मा के अनुसार, कंपनी की सेवाओं के माध्यम से रोजगार के कई अवसर पैदा हो रहे हैं और विभिन्न सरकारी विभागों को भी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में अपनी सेवाओं को वैश्विक स्तर तक ले जाना चाहती है। उनके मुताबिक, बिहार से संचालित ऐसे स्टार्टअप राज्य की तकनीकी क्षमता और उद्यमिता की पहचान देशभर में मजबूत कर रहे हैं।

Bihar Startup Success Story

स्टार्टअप नीति से युवाओं को मिल रहा वित्तीय सहयोग

बिहार में उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, बिहार स्टार्टअप नीति और बिहार लघु उद्यमी योजना प्रमुख हैं। बिहार सरकार की औद्योगिक नीति और स्टार्टअप नीति के तहत नए उद्यमों को वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। स्टार्टअप्स को ब्याज-मुक्त सीड फंडिंग और सरकारी टेंडर में प्राथमिकता जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। Startup Bihar Stakeholder Dialogue में उद्यमियों के अनुभवों और उपलब्धियों को साझा करने के साथ कई कंपनियों को उनके कार्य और योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े लोगों के बीच संवाद बढ़ाना और युवा उद्यमियों को नए अवसरों से जोड़ना था। बिहार के इन उद्यमियों की कहानियां बताती हैं कि सही मार्गदर्शन, वित्तीय सहयोग और तकनीक आधारित सोच के साथ स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ विचार बड़े कारोबार और रोजगार के साधन में बदल सकता है।

यह भी पढ़ें: Bihar Rani Mistri: अब सिर्फ घर नहीं संभाल रहीं दीदियां, घर भी बना रहीं; ‘रानी मिस्त्री’ के रूप में नई पहचान

Bihar CM Relief Fund: डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और मंत्री...

Bihar CM Relief Fund, पटना: बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने...

Giridih News: गिरिडीह में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वासुदेव प्रसाद सिन्हा...

 गिरिडीह के भेलवा निवासी और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वासुदेव प्रसाद सिन्हा के निधन पर योग सेंटर में श्रद्धांजलि सभा हुई। लोगों ने...

Bihar Women Commission: महिला आयोग के 25वें स्थापना दिवस पर CM...

Bihar Women Commission, पटना: बिहार राज्य महिला आयोग के 25वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन शनिवार को पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के...