रांची के न्यू नगर दीपाटोली में किराया मांगने गयी मकान मालकिन पर किरायेदार ने लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया। बचाने पहुंचे भतीजे को भी घायल किया।
Ranchi Crime रांची: सदर थाना क्षेत्र के न्यू नगर दीपाटोली में शुक्रवार की सुबह किराया मांगना मकान मालकिन को भारी पड़ गया। किराया मांगने पहुंची महिला पर उसके किरायेदार ने लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया। महिला को बचाने पहुंचे उनके भतीजे पर भी आरोपी ने हथौड़े से वार कर दिया। हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी किरायेदार को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
Ranchi Crime: किराया मांगने पर भड़क गया किरायेदार
घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे की बतायी जा रही है। पीड़िता इंदु देवी के अनुसार, वह अपने किरायेदार सुनील जायसवाल से किराया मांगने गयी थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर सुनील आक्रोशित हो गया और उसने लोहे के हथौड़े से इंदु देवी पर हमला कर दिया।
हमले में इंदु देवी के सिर पर गंभीर चोट लगी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। इसी दौरान उनके भतीजे अभिषेक कुमार गुंजन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की।
Key Highlights
- रांची के न्यू नगर दीपाटोली में शुक्रवार सुबह हुई घटना।
- किराया मांगने गयी मकान मालकिन इंदु देवी पर किरायेदार ने हथौड़े से हमला किया।
- बचाने पहुंचे महिला के भतीजे अभिषेक कुमार गुंजन पर भी आरोपी ने वार किया।
- हमले में दोनों के सिर में चोट लगी और वे घायल हो गये।
- पुलिस ने आरोपी सुनील जायसवाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
Ranchi Crime: बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे पर भी किया हमला
इंदु देवी पर हमला होते देख उनके भतीजे अभिषेक कुमार गुंजन उन्हें बचाने पहुंचे। आरोप है कि सुनील जायसवाल ने अभिषेक पर भी लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया। इस हमले में अभिषेक के सिर में भी गंभीर चोट लगी।
दोनों के सिर फटने के बाद उनकी चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद एक अन्य किरायेदार ने पुलिस के पीसीआर वाहन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
Ranchi Crime: पुलिस ने आरोपी किरायेदार को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों के साथ-साथ आरोपी और पीड़ित पक्ष के बीच हुए विवाद की जानकारी जुटायी जा रही है।


















