सौ रुपए के लिए अंधाधूंध फायरिंग, ले ली दो लोगों की जान
दो आरोपी गिरफ्तार, बांकी की तलाश जारी
आरा : महज सौ रुपये के लिये दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक जा पहुंचा और इसमें दो लोगों की जान चली गई. इस गोलीबारी में एक व्यक्ति जख्मी हो गया. पुलिस ने इस डबल मर्डर कांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है.
मामला टाउन थाना क्षेत्र रघुटोला की है. मृतकों के नाम रमेश यादव और जनार्दन यादव है. मृतक रमेश यादव के परिजनों के मुताबिक शनिवार को करीब 11 बजे आठ लोग हथियार के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. इसका विरोध करने पर उन्होंने पहले रमेश यादव और फिर जनार्दन यादव को गोली मार दी. फायरिंग में दूसरे पक्ष का युवक राहुल भी जख्मी हो गया. राहुल भी उसी मुहल्ला का रहने वाला है. खबर मिलते ही पुलिस आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंच गई. अब तक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और बांकी आरोपियों की तलाश जारी है.
पहले ऑटो खरीदने के एवज में सौ रुपये का मुआवजा मांग रहा था दूसरा पक्ष
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सौ रुपये के विवाद में हत्या की बात सामने आई है. एसपी विनय तिवारी ने बताया कि रमेश यादव ने एक ऑटो खरीदी थी जिसपर राहुल यादव की भी नज़र थी. राहुल भी उसी ऑटो को खरीदना चाहता था, लेकिन रमेश ने पहले ही खरीद लिया. इससे नाराज़ होकर वो कई लोगों के साथ रमेश के घर पहुंचा और उससे सौ रुपये का मुआवजा मांगने लगा. इसके बाद विवाद शुरू हो गया और बात बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक पहुंच गई. पुलिस के मुताबिक राहुल यादव को उसके पक्ष के लोगों की फायरिंग में ही गोली लगी. राहुल यादव और बद्री यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है.
Highlights


















