मंत्री पद से बर्खास्तगी के बाद हमलावर हुए मुकेश सहनी
Patna-नीतीश सरकार से बर्खास्तगी के बाद विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी लगातार हमलावर है. उनके निशाने पर पूर्व सहयोगी भाजपा है.
मुकेश सहनी ने कहा है कि 75 साल की आजादी में यह पहली बार हुआ कि एक पिछड़े के बेटे ने सरकार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया और उसके बाद उसे उसकी ही सरकार से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
अब एक बार फिर से संघर्ष के रास्ते पर निकल पड़ा हूं
मुकेश सहनी कहतें है कि बताइए, यह सरकार हमारा, यह घर हमारा और हमारे घर से ही मुझे बेदखल किया गया. आज मैं एक बार फिर से संघर्ष के रास्ते पर निकल पड़ा हूं.
बता दें कि अब तक सोशल मीडिया पर सिर्फ भावुक संदेश देने वाले मुकेश सहनी ने अब आक्रामक रुख अपना अख्तियार कर लिया है. वह बेहद आक्रामक तरीके से भाजपा पर अन्याय करने का आरोप लगा रहे हैं.
मुकेश सहनी ने कहा है कि मुझे मेरे घर (एनडीए) से बेदखल किये जाने का गम नहीं है. आज उनके पास पैसा है, ताकत और पावर है तो वह इसका फायदा उठा रहे हैं, कल हमारे लोगों के पास भी ताकत होगी, फिर नजारा बदलेगा. मुझे पूरा यकीन है कि हम यह लड़ाई जीतेंगे. इस दौरान उन्होंने इस्तीफा नहीं दिए जाने का बचाव करते हुए कहा कि यह घर मेरा था. उन्हें कोई हक नहीं था कि मुझे मेरे ही घर से बाहर निकाल सके.
किसी की अनुकंपा से नहीं हूं एमएलसी– मुकेश सहनी
अनुकंपा पर एमएलसी पर बने रहने पर मुकेश सहनी ने कहा कि बीजेपी के टॉप लीडर के साथ मेरी डील हुई थी कि छह साल तक मुझे विधान परिषद का सदस्य बनाया जाएगा. अब भाजपा को अपनी यह डील पूरी करनी चाहिए.
सहनी ने इस दौरान यह भी साफ कर दिया कि वह किसी पार्टी के अनुकंपा पर विधान परिषद में नहीं है. अगर बीजेपी इस डील को पूरी नहीं करती है, तो आनेवाले समय में देखा जाएगा.
कभी मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया
इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने कभी भी मोदी योगी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया. यदि कोई इसे सिद्ध कर दे तो उसे एक लाख रुपये का इनाम दूंगा.
रिपोर्ट- हेमंत कुमार

















