रांची: इस वर्ष रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान झारखंड में बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। झारखंड हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने यह फैसला लिया है कि पहले की तरह 10 से 12 घंटे की बिजली कटौती नहीं की जाएगी।

जेबीवीएनएल की ओर से बताया गया है कि शोभायात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर विद्युतकर्मियों और पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। यदि सुरक्षा कारणों से किसी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रोकने की आवश्यकता महसूस हुई, तो कर्मियों के फीडबैक के आधार पर कुछ समय के लिए बिजली काटी जा सकती है।
साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सभी प्रमुख अस्पतालों और आवश्यक संस्थानों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे। यदि किसी कारणवश बिजली काटनी भी पड़ी, तो जेनरेटर या अन्य वैकल्पिक माध्यमों से सप्लाई बहाल रखी जाएगी।
वहीं, राजधानी रांची में रामनवमी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा के लिहाज से शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। 40 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा और करीब 3500 पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रहेंगे। इसके अलावा ड्रोन से शोभायात्रा की निगरानी भी की जाएगी।







